Uncategorized

उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्र में गर्म हवा के थपेड़ों की चेतावनी

देहरादून : देश के अन्य हिस्सों की तरह उत्तराखंड भी गर्मी की मार से त्रस्त है। पहाड़ और मैदान दोनों ही इन दिनों खूब तप रहे हैं। अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि पहाड़ों में अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा तो मैदानी क्षेत्रों में चार से पांच डिग्री तक।

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि 48 घंटे आगे सूबे के मैदानी हिस्सों में गर्म हवा के थपेड़े हलकान कर सकते हैं। उत्तराखंड में सूरज की तपिश इन दिनों चुभने लगी है। दिन चढ़ते ही सूरज सिर पर कोड़े बरसा रहा है। फिर चाहे पहाड़ हो अथवा मैदानी इलाके, सभी जगह पारा उछाल भर रहा है। दुपहरी उमसभरी है तो शाम को भी राहत नहीं मिल पा रही।

मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। रविवार को भी मौसम का यही रंग नुमायां हुआ। हरिद्वार में तापमान रहा 39 डिग्री सेल्सियस। वहीं, देहरादून में यह 35.6 डिग्री था, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। ऐसी ही स्थिति दूसरे मैदानी क्षेत्रों की भी है। पहाड़ों का हाल देखें तो पारा 28-29 डिग्री सेल्सियस के बीच झूल रहा है।

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार सूबे के पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री तो मैदानी क्षेत्रों में चार से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है। उन्होंने बताया कि पारे की उछाल फिलहाल बरकरार रहेगी। 17 से 20 अप्रैल तक जबर्दस्त गर्मी पड़ सकती है। तापमान मैदानी क्षेत्रों में 40 तो पहाड़ में 31 डिग्री तक पहुंच सकता है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button