Malaysia Visa Rules : मलेशिया जाने वाले भारतीयों को बड़ा झटका, जनवरी 2027 से बिना वीजा एंट्री होगी बंद
1 जनवरी 2027 से भारतीयों को लेना होगा मलेशिया जाने के लिए वीजा

मलेशिया के आव्रजन विभाग के मुताबिक, भारतीय नागरिकों को मिलने वाली वीजा छूट की सुविधा 31 दिसंबर 2026 को समाप्त हो जाएगी। इसके बाद 1 जनवरी 2027 से मलेशिया में प्रवेश करने के लिए भारतीय पासपोर्ट धारकों को पहले से वैध वीजा लेना होगा। यानी नए साल से मलेशिया घूमने जाने वाले भारतीयों को यात्रा की तैयारी के साथ वीजा की प्रक्रिया भी पूरी करनी होगी।
मलेशिया के आव्रजन विभाग ने 17 नवंबर को इस संबंध में जानकारी दी थी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तारीख से भारतीय नागरिकों को बिना वीजा प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी। हालांकि, यात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि वीजा आवेदन की प्रक्रिया 1 दिसंबर 2026 से शुरू हो जाएगी। भारतीय नागरिक मलेशिया के आधिकारिक MyVISA ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
अभी कितने दिनों तक बिना वीजा जा सकेंगे भारतीय?
फिलहाल भारतीय पासपोर्ट धारकों को मलेशिया में अधिकतम 30 दिनों तक बिना वीजा रहने की सुविधा मिली हुई है। यह छूट पर्यटन, सामाजिक मुलाकात, कारोबार और ट्रांजिट जैसी यात्राओं के लिए निर्धारित शर्तों के तहत लागू है।
यह सुविधा 31 दिसंबर 2026 तक जारी रहेगी। इसका मतलब है कि अगर कोई भारतीय नागरिक इस साल के अंत तक मलेशिया जाने की योजना बना रहा है, तो वह मौजूदा वीजा छूट का लाभ उठा सकता है। हालांकि, यात्रियों को प्रवेश के समय जरूरी दस्तावेज और अन्य इमिग्रेशन शर्तें पूरी करनी होंगी।
मलेशिया के आधिकारिक आव्रजन विभाग की वेबसाइट पर भी भारत के लिए वीजा छूट की अंतिम तारीख 31 दिसंबर 2026 दर्ज है।
1 दिसंबर से शुरू होगा वीजा आवेदन
नए नियम लागू होने से पहले भारतीय यात्रियों को आवेदन का मौका दिया जाएगा। मलेशिया के MyVISA पोर्टल पर 1 दिसंबर 2026 से वीजा आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
जो लोग जनवरी 2027 या उसके बाद मलेशिया जाने की योजना बना रहे हैं, उन्हें समय रहते आवेदन करना होगा। यात्रा से पहले वीजा की मंजूरी लेना जरूरी होगा। केवल आवेदन जमा कर देना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि यात्रा शुरू करने से पहले वैध वीजा प्राप्त करना होगा।
हालांकि, अभी जारी जानकारी में वीजा की नई फीस, आवेदन के लिए सभी जरूरी दस्तावेज और प्रक्रिया में लगने वाले समय का पूरा विवरण स्पष्ट नहीं किया गया है। इसलिए यात्रियों को आवेदन से पहले आधिकारिक पोर्टल पर ताजा दिशा-निर्देश जरूर देखने चाहिए।
वीजा फीस वापस नहीं मिलेगी, आवेदन करते समय रखें सावधानी
मलेशियाई आव्रजन विभाग ने वीजा आवेदन से जुड़ी एक और महत्वपूर्ण जानकारी दी है। विभाग के अनुसार, वीजा प्रोसेसिंग फीस नॉन-रिफंडेबल होगी। यानी अगर किसी व्यक्ति का वीजा आवेदन खारिज हो जाता है, तब भी उसे जमा की गई फीस वापस नहीं मिलेगी।
इतना ही नहीं, अगर कोई यात्री अपनी यात्रा की योजना बदल देता है या सरकार वीजा नीति में बदलाव करती है, तब भी आवेदन शुल्क वापस मिलने की गारंटी नहीं होगी। इसलिए आवेदन करते समय सभी जानकारियां सावधानी से भरना जरूरी होगा।
नौकरी के लिए टूरिस्ट वीजा का इस्तेमाल न करें
इस फैसले के पीछे मलेशिया में इमिग्रेशन नियमों के पालन को लेकर भी चर्चा हो रही है। इससे पहले भारतीय उच्चायोग ने भारतीय नागरिकों को चेतावनी दी थी कि वे पर्यटन के नाम पर मलेशिया जाकर नौकरी तलाशने की कोशिश न करें।
उच्चायोग के अनुसार, कुछ लोग एजेंटों के झूठे नौकरी के वादों में फंसकर टूरिस्ट वीजा या वीजा-मुक्त प्रवेश के जरिए मलेशिया पहुंच जाते हैं। वहां अवैध रूप से काम करने या निर्धारित अवधि से अधिक रुकने पर उन्हें कानूनी कार्रवाई, हिरासत और शोषण जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
ध्यान रहे कि पर्यटन के लिए मिलने वाली वीजा छूट रोजगार की अनुमति नहीं देती। मलेशिया में नौकरी करने के इच्छुक भारतीयों को संबंधित वर्क परमिट और जरूरी वीजा पहले से प्राप्त करना होगा।
मलेशिया जाने से पहले इन तारीखों को याद रखें
भारतीय यात्रियों के लिए नए नियमों की सबसे महत्वपूर्ण तारीखें 1 दिसंबर 2026 और 1 जनवरी 2027 हैं। पहली तारीख से वीजा आवेदन शुरू होंगे, जबकि दूसरी तारीख से बिना वीजा प्रवेश की सुविधा समाप्त हो जाएगी।

ऐसे में अगर आप नए साल की छुट्टियों में मलेशिया घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो टिकट और होटल बुक करने से पहले वीजा की तैयारी जरूर कर लें। नए नियमों के बाद बिना वैध वीजा पहुंचने पर आपको प्रवेश नहीं मिल सकता है।
