‘हमें माफ कर दो…, टूर्नामेंट से बाहर होते ही श्रीलंकाई कप्तान का छलका दर्द

दासुन शनाका की 76 रनों की तूफानी पारी के बावजूद श्रीलंका पाकिस्तान से 5 रन से हार गया। इस हार ने पाकिस्तान को टी-20 विश्व कप से बाहर कर दिया, जबकि न्यूजीलैंड और इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुंच गए। शनाका ने मैच के बाद फैंस से माफी मांगी और कहा कि चोटों ने टीम को परेशान किया।
Dasun Shanaka Statement। दासुन शनाका की तूफानी पारी श्रीलंका को पांच रन की करीबी हार से नहीं बचा सकी, लेकिन इस मुकाबले ने पाकिस्तान को टी-20 विश्व कप से बाहर कर दिया। ग्रुप-2 से न्यूजीलैंड ने शीर्ष पर रही इंग्लैंड के साथ सेमीफाइनल में जगह बना ली। अब फाइनल मुकाबला आठ मार्च को अहमदाबाद में ही खेला जाएगा।
Dasun Shanaka ने फैंस से मांगी माफी
श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका (Dasun Shanaka) ने मैच हारने के बाद कहा कि मैं बहुत निराश हूं। मैं अपने बल्ले से ये मैच फिनिश कर सकता था, लेकिन शाहीन ने आखिरी दो गेंद पर अपना अनुभव दिखाया। उन्होंने आगे कहा कि मैं श्रीलंका के फैंस से माफी मांगना चाहता हूं कि हम लोग आगे नहीं जा सके। विश्व कप में आगे बढ़ने के लिए आपके पास तगड़ी टीम होनी चाहिए। हां, इंजरी ने हमें काफी परेशान किया है। मुझे फैंस के लिए काफी बुरा लग रहा है और मैं कोशिश करूंगा कि अगली बार उन्हें खुशी के कुछ पल दे सकूं।
हसरंगा और पथिराना के टूर्नामेंट से बाहर होने पर कप्तान शनाका ने कहा,
उनकी कमी खली। असल में वे दो खास गेंदबाज नहीं हैं, अगर वे यहां होते तो उन्हें खिलाया जाता। तो यह एक बड़ा नुकसान है। विश्व कप के समय आप जानते हैं, हमें अपने खिलाड़ियों की यहां जरूरत होती है और यह हमारी ताकत है, आप जानते हैं, थोड़ी मानसिकता भी चाहिए थी। यह बड़ा मुकसान है, लेकिन आप जानते हैं, उम्मीद है कि वे जल्दी ही वापस आएंगे। श्रीलंकाई क्रिकेट के लिए अच्छा है।
-दासुन शनाका
इस दौरान उन्होंने पवन रथनायके की तारीफ की। उनको लेकर दासुन ने कहा,
पवन रथनायके। वह लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और क्रीज का बहुत चतुराई से इस्तेमाल कर रहे हैं। तो यह श्रीलंकाई क्रिकेट के लिए एक बहुत ही सकारात्मक संकेत है। हाँ, हमारे पास वेलालागे भी हैं। तो वे (खिलाड़ी) निखर रहे हैं, आगे बढ़ रहे हैं। उम्मीद है कि उनका भविष्य बहुत उज्ज्वल होगा।
-दासुन शनाका
PAK vs SL: पाकिस्तान ने जीता मैच
आखिरी ओवर में श्रीलंका को जीत के लिए 28 रन चाहिए थे। कप्तान शनाका ने शाहीन (1/48) पर लगातार तीन छक्के और एक चौका जड़कर समीकरण आखिरी गेंद पर छह रन तक ला दिया। हालांकि, अंतिम गेंद को उन्होंने वाइड समझकर छोड़ दिया, लेकिन अंपायर उसे वाइड देते तो पारिणाम बदल सकता था।
शनाका ने 31 गेंदों पर नाबाद 76 रन पारी खेली। श्रीलंका 212/8 के जवाब में 206/7 तक पहुंच सका। पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए श्रीलंका को 147 रन से कम पर रोकना था, ताकि वह न्यूजीलैंड (नेट रन रेट 1.390) को पीछे छोड़ सके। फरहान (100) का टूर्नामेंट में दूसरा शतक और फखर जमान (84) के साथ उनकी 176 रन की रिकार्ड साझेदारी बेकार चली गई। यह साझेदारी टी-20 विश्व कप इतिहास में किसी भी विकेट के लिए सर्वाधिक है। पाक 16वें ओवर में 176/0 से फिसलकर 212/8 पर सिमट गया और आखिरी चार ओवर में 36 रन पर आठ विकेट गंवा बैठा।
पाकिस्तान को कम से कम 64 रन से जीत दर्ज करनी थी, लेकिन अबरार अहमद (2/23) को छोड़कर कोई अन्य गेंदबाज प्रभाव नहीं छोड़ सका। श्रीलंका ने 12वें ओवर में 101/5 का स्कोर होने के बाद वापसी की। पवन रत्नायके ने 37 गेंदों पर 58 रन बनाए और शनाका के साथ छठे विकेट के लिए 61 रन जोड़े। इंग्लैंड ने अपने तीनों सुपर आठ मैच जीतकर ग्रुप-2 में शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि न्यूजीलैंड दूसरे स्थान पर रहकर सेमीफाइनल में पहुंचा।
इसके बावजूद पाकिस्तान के लिए ओपनर फरहान का प्रदर्शन यादगार रहा। उन्होंने एक संस्करण में सर्वाधिक रन (319) के विराट कोहली के रिकार्ड को तोड़ा। फरहान ने सात मैचों में 383 रन बनाए, जिसमें दो शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, श्रीलंका की शुरुआत फीकी रही। नसीम शाह ने पथुम निसंका (3) को धीमी गेंद पर आउट किया, जबकि कामिल मिशारा (26) और चरिथ असलंका (25) अपनी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके।

