राजनीति

उत्तराखंड भाजपा में युवा व महिलाओं को मिलेगी तरजीह

देहरादून : भारतीय जनता पार्टी पंचायत, निकाय व लोकसभा चुनावों में परचम लहराने के लिए युवा व महिला मतदाताओं पर अपनी नजर रखे हुए है। इन मतदाताओं के पार्टी के प्रति रुझान जगाने में युवा व महिला मोर्चे की अहम भूमिका रहेगी। अपने इन दोनों प्रकोष्ठों का योगदान सुनिश्चित करने के लिए भाजपा अब इन मोर्चों के पदाधिकारियों को अहम दायित्वों से नवाज सकती है। पार्टी सूत्रों की मानें तो इनके भीतर जोश भरने के लिए इनकी भूमिका अब सरकार में भी सुनिश्चित की जाएगी।

भारतीय जनता पार्टी के विधानसभा चुनावों में भारी भरकम जीत के पीछे मोदी मैजिक का हाथ माना गया है। पार्टी के अपने आंकड़ों के मुताबिक पार्टी को मिलने वाले वोटों में सबसे अधिक वोट युवा व महिला मतदाताओं के थे। अब अगले वर्ष पंचायत व निकाय चुनाव होने हैं। इसके बाद वर्ष 2019 में लोकसभा चुनाव हैं।

भाजपा का मकसद विधानसभा चुनावों में मिले मत प्रतिशत को न केवल बरकरार रखना, बल्कि इसे बढ़ाना भी है। हाल ही में भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग और फिर राज्य कार्यसमिति में इन मुद्दों पर गंभीरता से मनन किया गया। वरिष्ठ नेताओं ने भी पार्टी में युवा व महिलाओं को जोडऩे पर फोकस करने की बात कही है।

इसे देखते हुए माना यह जा रहा है कि युवाओं व महिलाओं को पार्टी में उचित सम्मान दिया जाने का संदेश देने के लिए युवा व महिला मोर्चा से जुड़े पदाधिकारियोंको सरकार में अहम दायित्व दिए जा सकते हैं। दरअसल, सरकार बनने के बाद अभी तक पार्टी ने दायित्व बांटने में अपना हाथ खींचा हुआ है। यह बात अलग है कि दायित्वों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के संयम का बांध अब भर चुका है।

दबे स्वर में अब दायित्व वितरण को लेकर बात उठने लगी है। पंचायत, निकाय व लोकसभा चुनावों का शंखनाद कर चुकी पार्टी भी इसमें देरी करने की पक्ष में नहीं है। पार्टी अध्यक्ष अजय भट्ट भी जल्द सूची जारी करने की बात कह चुके हैं। सूत्रों की मानें तो पार्टी में दायित्व वितरण को लेकर सूची बनने का काम शुरू हो चुका है। इनमें महिला एवं युवाओं के कार्य व पार्टी के लिए किए जा रहे कार्यों को का आंकलन किया जा रहा है। माना जा रहा है कि अगले पखवाड़े में सरकार दायित्वधारियों की पहली सूची जारी कर सकती है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button