उत्तराखंड

Uttarkashi Fire Tragedy : उत्तरकाशी अग्निकांड में 33 मकान राख, 58 परिवार बेघर, गांव में मची तबाही

पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी आग की चपेट में आए, 13 मकान सुरक्षित बचे, राहत की बात किसी की जान नहीं गई।

उत्तरकाशी में भीषण अग्निकांड से मची तबाही, 33 मकान जलकर राख, 58 परिवार बेघर

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में भीषण आग ने एक पूरे गांव में भारी तबाही मचा दी। मोरी तहसील के पवाणी गांव में लगी आग से 33 आवासीय मकान जलकर पूरी तरह राख हो गए। इस हादसे में 58 परिवार प्रभावित हुए हैं। आग इतनी भयानक थी कि गांव का पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी इसकी चपेट में आकर नष्ट हो गए। वहीं, 13 मकान सुरक्षित बच गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई और न ही किसी पशु की मौत हुई।

मंगलवार शाम लगी आग, साढ़े चार घंटे तक मची अफरा-तफरी

जानकारी के मुताबिक, यह घटना मंगलवार 24 नवंबर 2026 की शाम की है। पवाणी गांव में शाम करीब 4 बजकर 49 मिनट पर अचानक एक मकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास के मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। गांव में अधिकतर मकान लकड़ी के बने होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।

बताया जा रहा है कि आग की चपेट में आए एक मकान में रसोई गैस सिलेंडर में विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग ने और विकराल रूप ले लिया। ग्रामीणों ने शुरुआत में अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें लगातार फैलती रहीं। करीब साढ़े चार घंटे की मशक्कत के बाद रात 9 बजकर 16 मिनट पर आग पर काबू पाया जा सका।

33 मकान, पंचायत भवन और स्कूल जलकर नष्ट

इस अग्निकांड में गांव के 33 आवासीय भवन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। इसके अलावा पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय को भी भारी नुकसान पहुंचा। आग में प्रभावित परिवारों का घरेलू सामान, कपड़े, अनाज और रोजमर्रा की जरूरतों का सामान भी जलकर राख हो गया।

कुल 58 परिवार इस हादसे से प्रभावित हुए हैं। आग बुझाने के दौरान ओसला गांव निवासी गंगा सिंह गिरकर घायल हो गए। हालांकि, किसी व्यक्ति की मौत या पशुहानि की सूचना नहीं है।

राहत और बचाव कार्य में जुटीं टीमें

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। हालांकि, गांव में मोबाइल नेटवर्क की सुविधा नहीं होने के कारण घटनास्थल से संपर्क करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क से पहुंचने के बाद भी घटनास्थल तक कुछ दूरी पैदल तय करनी पड़ती है।

प्रभावित परिवारों के लिए खाने-पीने और रहने की व्यवस्था

अग्निकांड के बाद प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाने का काम शुरू कर दिया है। बेघर हुए परिवारों के लिए सुरक्षित आश्रय और राहत शिविर की व्यवस्था की जा रही है। प्रभावित लोगों को कंबल, गर्म कपड़े, जैकेट, टेंट, तिरपाल, बर्तन, गैस चूल्हे और जरूरी सामान उपलब्ध कराया जा रहा है।

इसके अलावा प्रभावित परिवारों के लिए चावल, आटा, दाल, तेल, चीनी और नमक जैसी खाद्य सामग्री भी भेजी जा रही है। स्थायी सुरक्षित आश्रय बनाने के लिए एसजेवीएनएल नैटवाड़ से सीएसआर मद के तहत सहायता लेने की तैयारी की जा रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने दिए मदद के निर्देश

पवाणी गांव में हुए इस भीषण अग्निकांड पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। उन्होंने जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से प्रभावित लोगों के लिए भोजन, आवास और चिकित्सा सुविधाओं की उचित व्यवस्था करने को कहा है। साथ ही आग से हुए नुकसान का आकलन कर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा और राहत राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

फिलहाल प्रशासन की टीमें नुकसान का आकलन करने और प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने में जुटी हैं। इस अग्निकांड ने 58 परिवारों के सामने रहने और जीवन दोबारा शुरू करने की बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।

Related Articles

Back to top button