विराट कोहली- रोहित शर्मा नहीं, भारत के इस बल्लेबाज के सामने नतमस्तक हो जाते थे पैट कमिंस

ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम के कप्तान पैट कमिंस मौजूदा समय के महान गेंदबाजों में चुने जाते हैं। वह अच्छे से अच्छे बल्लेबाज को परेशान करने का दम रखते हैं, लेकिन एक बल्लेबाज ऐसा रहा है जिसके सामने कमिंस ने भी हथियार डाल दिए थे। बकौल कमिंस वो बल्लेबाज उन्हें किसी तरह का मौका नहीं देता था और परेशान करता था। ये बल्लेबाज एक भारतीय है, लेकिन न ही ये विराट कोहली हैं और न ही रोहित शर्मा।
कमिंस ने इस मामले में भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा का नाम लिया है। विराट, रोहित और पुजारा तीनों ही टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं। पुजारा ने सभी फॉर्मेट से संन्यास ले लिया है जबकि रोहित और विराट सिर्फ वनडे खेलते हैं।
पुजारा ने किया परेशान
कमिंस से जब हर देश के सबसे मुश्किल बल्लेबाज के बारे में पूछा गया जिनका सामना उन्होंने किया है तो भारत का नाम आने पर उन्होंने पुजारा को याद किया। प्राइम वीडियो स्पोर्ट द्वारा शेयर किए गए वीडियो में कमिंस ने कहा, “भारत से मैं पुजारा का नाम लूंगा। उन्हें आउट करना वाकई में मुश्किल होता था। ये इस तरह से था जैसे हजारों पेपर कट से आपकी मौत हो रही है। वह चाहते थे तो 100 खाली गेंदें भी खेल सकते थे। वह आपको मौका नहीं देते थे।”
पुजारा रहे थे हीरो
भारत ने ऑस्ट्रेलिया में लगातार दो टेस्ट सीरीज जीतीं हैं और पुजारा ने इन दोनों में अहम रोल निभाया है। विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने सबसे पहले साल 2018-19 में टेस्ट सीरीज जीती थी और पुजारा की बल्लेबाजी ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को परेशान कर दिया था। इसके बाद साल 2020-21 में भी भारत ने ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज पर कब्जा किया और इस बार भी पुजारा टीम की ढाल बने। उन्होंने अपने शरीर पर कई गेंदें खाईं, लेकिन टीम को मुश्किल से बाहर निकालने में सफल रहे।


