ग्वांगझू-दिल्ली के बीच शुरू होगी डायरेक्ट फ्लाइट

ब्रिक्स समिट के लिए चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के भारत दौरे से पहले चाइना सदर्न एयरलाइंस ने छह साल बाद ग्वांगझू-नई दिल्ली के बीच उड़ानें फिर से शुरू करने का एलान किया है। 21 सितंबर से ग्वांगझू-नई दिल्ली रूट पर रेगुलर पैसेंजर सर्विस फिर से शुरू करेगी।
एयरलाइन ने कहा कि इस बहाली के बाद दक्षिण एशिया में आठ राउंड-ट्रिप मार्गों पर इसका कुल संचालन प्रति सप्ताह 100 से अधिक उड़ानों तक पहुंच जाएगा। गौरतलब है कि गुआंगजौ-नई दिल्ली हवाई सेवा पिछले छह वर्षों से निलंबित थी।
भारत और चीन के बीच सीधा हवाई संपर्क फिर शुरू
हाल के महीनों में भारत और चीन के बीच हवाई संपर्क में धीरे-धीरे सुधार देखा गया है। अप्रैल में एयर चाइना ने अपनी बीजिंग-दिल्ली सेवा फिर से शुरू की थी, जबकि चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस ने 18 अप्रैल को कुनमिंग और कोलकाता के बीच सीधी उड़ानें दोबारा शुरू कीं।
भारतीय विमानन कंपनी इंडिगो ने भी 30 मार्च को कोलकाता और शंघाई के बीच दैनिक नॉन-स्टॉप सेवा की शुरुआत की थी। इंडिगो ने इससे पहले कोलकाता से गुआंगज़ौ के लिए उड़ानें बहाल की थीं और बाद में दिल्ली से भी इस चीनी शहर के लिए संचालन शुरू किया था।
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए शी चिनफिंग रवाना
चीन की सरकारी समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर शी चिनफिंग शनिवार को 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए बीजिंग से नई दिल्ली के लिए रवाना हुए।
चीनी राष्ट्रपति आज ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक द्विपक्षीय बैठक भी करने वाले हैं। शी चिनफिंग के प्रतिनिधिमंडल में चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के राजनीतिक ब्यूरो की स्थायी समिति के सदस्य व इसके सामान्य कार्यालय के निदेशक काई क्यूई और चीनी विदेश मंत्री वांग यी शामिल हैं।
सिन्हुआ के अनुसार, बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन में अपनी बातों को आगे बढ़ाते हुए, शी चिनफिंग द्वारा ग्लोबल साउथ देशों के बीच सहयोग पर नए प्रस्ताव पेश करने की उम्मीद है।
ब्रिक्स उभरती अर्थव्यवस्थाओं के लिए व्यापार, वित्त, प्रौद्योगिकी, विकास और वैश्विक शासन पर आपसी समन्वय स्थापित करने का एक प्रमुख मंच बन गया है। यह समूह ग्लोबल साउथ के देशों के बीच व्यापक सहयोग को बढ़ावा देने का भी निरंतर प्रयास करता है।

