देश-विदेश

अफगानिस्तान में भूकंप से आठ लोगों की मौत

अफगानिस्तान के हिंदूकुश क्षेत्र में शुक्रवार की रात आए 5.9 तीव्रता के भूकंप के बाद काबुल में एक घर गिरने से आठ लोगों की मौत हो गई और एक बच्चा घायल हो गया। रात 9.42 बजे आए इस भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान में 150 किलोमीटर की गहराई पर था।

उत्तर भारत और पाकिस्तान में भूकंप के झटके महसूस किए गए।राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, शुक्रवार रात उत्तर भारत के कई हिस्सों में 5.9 तीव्रता का भूकंप आया।

कुछ सेकंड तक चले इस भूकंप के झटके दिल्ली, उत्तर प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, पंजाब और हरियाणा में महसूस किए गए। किसी प्रकार के नुकसान या जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।

भूकंप के दौरान घरों में छत के पंखे और बत्तियां हिलने के वीडियो कई लोगों ने इंटरनेट मीडिया पर साझा किए। एक इंटरनेट मीडिया यूजर ने कहा, ‘उम्मीद है किसी को चोट नहीं आई होगी। मैंने पंखा हिलते देखा और खबर देखी तो पता चला कि भूकंप आया है’।

चंडीगढ़ निवासी बलदेव चंद ने बताया कि उन्हें तेज झटका लगा। पंजाब के जीरकपुर में एक रिहायशी इमारत की 11वीं मंजिल पर रहने वाले अजय कुमार ने कहा, ‘झटके कुछ सेकंड तक ही महसूस हुए। हमने नीचे भागने का सोचा, लेकिन झटके जल्द ही रुक गए।’

इस दौरान एनसीआर के कई रिहायशी इलाकों में लोग एहतियात के तौर पर अपने घरों से बाहर निकल गए जबकि दफ्तरों में भी लोग कुछ देर के लिए इमारतों से बाहर चले गए।

वहीं, राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, तिब्बत में भी 3.8 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप 10 किलोमीटर की गहराई पर आया था।

Related Articles

Back to top button