उत्तराखंड

प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, गंगोत्री-यमुनोत्री-बदरीनाथ में हुई बर्फबारी

उत्तराखंड में आज मौसम का मिजाज बदला और गंगोत्री-यमुनोत्री-बदरीनाथ में बर्फबारी हुई। बर्फबारी से कड़ाके ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड में आज बृहस्पतिवार को मौसम में बड़ा बदलाव देखने की संभावना जताई गई थी।

गंगोत्री धाम में वर्तमान में बर्फबारी हो रही है। यमुनोत्री में वर्तमान में बर्फबारी हो रही है। बदरीनाथ धाम में मौसम खराब होने से धाम में बर्फबारी हो रही है, बर्फबारी होने से कडाके की ठण्ड हो रही है।

राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और ऊंचाई वाले क्षेत्रों (3000 मीटर से अधिक) में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों में आंधी-तूफान के साथ बिजली चमकने और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में भी गरज-चमक के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 1-2 दिनों में राज्य के कई इलाकों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

दून में दिन में छाए बादल रात में बूंदा बांदी
देहरादून में बुधवार को दिन में बादल छाए रहे और देर शाम बूंदा बांदी भी हुई। आज भी दून में आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, ओलावृष्टि और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 23°C और न्यूनतम 13°C रहने का अनुमान है।

Related Articles

Back to top button