क्या ‘पोस्चर करेक्टर बेल्ट’ से वाकई सीधी हो जाती है झुकी हुई पीठ?

आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम घंटों कुर्सी पर बैठे रहते हैं। लैपटॉप पर काम करना हो या दिनभर मोबाइल चलाना, इन सभी आदतों के कारण हमारे बैठने और खड़े होने का तरीका काफी बिगड़ गया है। इसी वजह से आज बहुत से लोगों की पीठ झुकने लगी है।
इस परेशानी से छुटकारा पाने के लिए इन दिनों बाजार में ‘पोस्चर करेक्टर बेल्ट’ का चलन काफी तेजी से बढ़ रहा है। आइए, डॉ. लक्ष्य भक्तियानी (पीटी), हेड फिजियोथेरेपी, पीएसआरआई अस्पताल, दिल्ली से जानते हैं इसके बारे में।
पोस्चर बेल्ट कैसे काम करती है?
पोस्चर करेक्टर बेल्ट का मुख्य काम आपके शरीर को सही मुद्रा में बनाए रखना है। जब आप इस बेल्ट को पहनते हैं, तो यह आपके कंधों को हल्के से पीछे की तरफ खींचती है और आपकी रीढ़ की हड्डी को सीधा रखने में एक अच्छा सपोर्ट देती है। सबसे खास बात यह है कि यह बेल्ट आपको बार-बार यह याद दिलाती है कि आपको झुककर नहीं, बल्कि सीधे बैठना और खड़ा होना है। कुछ समय तक इसका इस्तेमाल करने से धीरे-धीरे आपका पोस्चर सुधरने लगता है।
क्या यह एक स्थायी इलाज है?
आपको यह बात जरूर समझनी चाहिए कि यह बेल्ट आपकी समस्या का स्थायी इलाज नहीं है। अगर आप सोचते हैं कि सिर्फ बेल्ट पहनने से आपकी पीठ हमेशा के लिए सीधी हो जाएगी और आप अपनी मांसपेशियों को मजबूत करने पर ध्यान नहीं देंगे, तो आपको लंबे समय में इसका पूरा फायदा नहीं मिलेगा। बेल्ट के साथ-साथ आपको इन बातों पर भी ध्यान देना होगा:
पीठ और कंधों की मांसपेशियों को मजबूत करने वाले व्यायाम।
शरीर की सही स्ट्रेचिंग।
खुद से सीधे बैठने और खड़े होने की सही आदत।
इसे पहनने का सही तरीका क्या है?
एक और जरूरी बात जिसका आपको ध्यान रखना है, वह यह है कि इस बेल्ट को दिनभर या बहुत लंबे समय तक लगातार नहीं पहनना चाहिए। अगर आप इसे बहुत ज्यादा देर तक पहनेंगे, तो आपके शरीर की मांसपेशियां आलसी हो सकती हैं क्योंकि उन्हें हमेशा बेल्ट का सहारा मिलने लगेगा। इसलिए, इसे दिन में केवल कुछ सीमित समय के लिए ही पहनने की सलाह दी जाती है। ऐसा करने से आपका शरीर बिना किसी सहारे के खुद-ब-खुद सही मुद्रा में रहने की आदत सीख जाता है।

