उत्तर प्रदेश

यूपी : सीएम योगी का छह को मुरादाबाद दाैरा प्रस्तावित, स्पंदन सरोवर का करेंगे उद्घाटन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। सर्किट हाउस के पीछे बुद्धि विहार के मैदान में मंच और पंडाल लगाए जा रहे हैं। मैदान के दलदल को सुखाने के लिए करीब 450 टन बालू डाला गया है। शासन से मुख्यमंत्री के आने की जानकारी मिलने के बाद सभी विभागों ने तैयारी शुरू कर दी है।

मुख्यमंत्री का छह अगस्त को मुरादाबाद का दौरा प्रस्तावित है। वह सर्किट हाउस के पीछे बुद्धि विहार स्थित सेंटमेरी स्कूल के पास मैदान में सभा कर सकते हैं। इस मामले में डीएम ने पीडब्ल्यूडी को मैदान की व्यवस्था ठीक करने की जिम्मेदारी सौंपी है।

मैदान पर जलभराव होने के कारण पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं ने तीन पंप लगाए। रातभर जलनिकासी की गई। सुबह जमीन दलदल होने के कारण पीडब्ल्यूडी अभियंताओं ने उस पर करीब 450 टन रेत डाला। इसके बाद मैदान की स्थिति में सुधार हो सका।

टेंट ठेकेदार का कहना है कि मंच का बाहरी हिस्सा तैयार हो गया है। आम जनता के लिए पंडाल लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आम जनता को बैठने के लिए काफी संख्या में कुर्सियों व्यवस्था की गई है। मौके पर पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता एमडी गंगवार और अजय कुमार की देख रेख में काम चल रहा है।

अधिशासी अभियंता कुलदीप संत ने भी मौके का मुआयना किया। जलभराव से बचने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। डीएम अनुज सिंह ने बताया कि अभी सीएम का आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है।

नगर निगम पार्किंग के लिए तैयार कर रहा मैदान
नगर निगम को पार्किंग स्थल को दुरुस्त करने की जिम्मेदारी दी गई है। इस मामले में नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल के निर्देश पर मैदान के पानी को पंप से कर्मचारी निकाल रहे हैं। मैदान की घास और झाड़ियों को काटकर साफ किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पिपली से छह अगस्त को शहर में आएंगे
जिला प्रशासन की ओर से तैयार प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री छह अगस्त की दोपहर लगभग दो बजे हेलीकाप्टर से अटल आवासीय विद्यालय का लोकार्पण करने बिलारी के पिपली गांव जाएंगे। योजनाओं का शिलान्यास करने के बाद वह तीन बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे।

यहां आराम करने के बाद चार बजे बुद्धि विहार स्थित कार्यक्रम स्थल जाएंगे। यहां कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद गौतम बुद्ध पार्क में म्यूजियम देखने जाएंगे। सर्किट हाउस में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से वार्ता करने के बाद मुख्यमंत्री स्पंदन सरोवर का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम के समय में अभी फेरबदल होने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button