Train Accident : किशनगढ़ स्टेशन पर दिखा मौत का मंजर, फिर सामने आया फरिश्ता
चलती ट्रेन से उतरना महिला को पड़ा भारी, 30 मीटर तक घिसटी; RPF जवान की सूझबूझ से बची जान

राजस्थान के अजमेर जिले में स्थित किशनगढ़ रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा होते-होते टल गया। स्टेशन पर चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश कर रही एक महिला अचानक ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गई। ट्रेन के आगे बढ़ने के साथ महिला करीब 30 मीटर तक घिसटती चली गई। इस दौरान प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, ड्यूटी पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के एक जवान की नजर समय रहते महिला पर पड़ गई और उसकी तत्परता से महिला की जान बच गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे की भयावहता साफ दिखाई दे रही है।
ट्रेन चलने के बाद भी उतरने की कोशिश
जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह करीब 7:45 बजे किशनगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर हुई। उस समय जयपुर से उदयपुर सिटी जाने वाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस स्टेशन पर पहुंची थी। ट्रेन के जनरल कोच में किशनगढ़ निवासी 42 वर्षीय सोनू पत्नी रामरतन सवार थीं।
ट्रेन स्टेशन पर रुकी हुई थी और इसी दौरान महिला नीचे उतरने लगीं। लेकिन कुछ ही देर में ट्रेन रवाना होने लगी। बताया गया कि ट्रेन के चलने के बाद भी महिला ने उतरने की कोशिश की। इसी दौरान उनका पैर ट्रेन के पायदान और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया। वह अपना संतुलन नहीं संभाल पाईं और ट्रेन के साथ घिसटने लगीं।
करीब 10 सेकंड तक ट्रेन के साथ घिसटती रहीं
हादसे के दौरान महिला लगभग 10 सेकंड तक ट्रेन के साथ घिसटती रहीं और करीब 30 मीटर तक आगे चली गईं। यह दृश्य देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों के होश उड़ गए। कुछ ही सेकंड में स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी, क्योंकि महिला लगातार ट्रेन के साथ खिंचती जा रही थीं।
इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी कर रहे RPF कॉन्स्टेबल निरंजनलाल की नजर महिला पर पड़ी। उन्होंने खतरे को समझते हुए तुरंत ट्रेन के गार्ड को रुकने का संकेत दिया। उनके इशारे के बाद ट्रेन को रोक दिया गया। इसके बाद RPF जवान महिला तक पहुंचे और अन्य यात्रियों की मदद से उन्हें ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसी स्थिति से बाहर निकाला गया।
अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे के बाद महिला को तत्काल इलाज के लिए किशनगढ़ के जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, महिला के दाएं पैर में घुटने के नीचे फ्रैक्चर हुआ है। इसके अलावा शरीर के कई हिस्सों पर घिसटने की वजह से चोट और खरोंचें भी आई हैं। फिलहाल उनका उपचार जारी है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद हादसे की गंभीरता और RPF जवान की तत्परता दोनों स्पष्ट हो गई हैं। फुटेज में महिला को ट्रेन के साथ घिसटते हुए देखा जा सकता है, जबकि RPF जवान ट्रेन रुकवाने के लिए तत्काल कार्रवाई करते नजर आते हैं।
यात्रियों के लिए फिर सामने आई बड़ी चेतावनी
किशनगढ़ रेलवे स्टेशन की यह घटना एक बार फिर बताती है कि चलती ट्रेन से उतरने या चढ़ने की कोशिश कितनी खतरनाक हो सकती है। ट्रेन कुछ सेकंड पहले चलना शुरू हुई हो, तब भी यात्री के संतुलन बिगड़ने पर गंभीर दुर्घटना हो सकती है।

रेलवे लगातार यात्रियों से अपील करता रहा है कि ट्रेन के पूरी तरह रुकने के बाद ही चढ़ें या उतरें। इस मामले में भी यदि RPF जवान की नजर समय पर महिला पर नहीं पड़ती और ट्रेन कुछ दूरी तक आगे बढ़ जाती, तो परिणाम बेहद गंभीर हो सकता था। समय पर दिखाई गई सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने एक बड़ा हादसा टाल दिया और महिला की जान बच गई।




