नेपाल में भूकंप के झटकों से दहशत, एक दिन में दो बार कांपी धरती

उत्तर-पश्चिमी नेपाल में बुधवार तड़के लगातार दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप से लोगों के बीच दहशत है। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने या किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
तीन घंटे के अंदर नेपाल में दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। पहला भूकंप 4.5 तीव्रता का और दूसरा भूकंप 4.2 तीव्रता का आया।
तीन घंटे में दो बार आया भूकंप
नेशनल सिस्मोलॉजिकल रिसर्च सेंटर के अनुसार, भूकंप का पहला झटका रात 1:51 बजे (स्थानीय समय) दर्ज किया गया। इस भूकंप के झटके की रिक्टर स्केल पर तीव्रता 4.5 मापी गई।
वहीं तीन घंटे के अंदर दूसरी बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। सुबह 4:28 बजे (स्थानीय समय) 4.2 तीव्रता का दूसरी बार भूकंप आया और इसका केंद्र भी मुगु जिले के कलाई इलाके के आसपास था। ये झटके पड़ोसी जिलों डोल्पा और जुमला में भी महसूस किए गए।
भूकंप के लिहाज से संवेदनशील इलाके में स्थित नेपाल में अक्सर भूकंप आते रहते हैं। यह क्षेत्र अलर्ट पर है और अधिकारी प्रभावित इलाकों में किसी भी तरह के आफ्टरशॉक (बाद के झटके) या संभावित ढांचागत नुकसान पर नजर रखे हुए हैं।
हालांकि आज बुधवार को आए इस भूकंप में अभी तक कोई नुकसान की खबर नहीं आई है। फिर भी सभी इलाकों पर नजर रखी जा रही है।
तबाही के बाद से फैली दहशत
नेपाल में 26 अगस्त को अचानक आई बाढ़ से पूरे देश में दहशत फैली हुई है। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को नेपाल में अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,399 हो गई।
नेपाल-तिब्बत सीमा के पास बर्फ और चट्टानों के खिसकने (एवलांच) से आई इस अचानक बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल के कस्बों और गांवों में भारी तबाही मचाई।


