उत्तर प्रदेश

जन्माष्टमी 2026: गो पूजन किया, श्रद्धालुओं पर बरसाए फूल, कृष्ण जन्मभूमि पर सीएम योगी

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर मथुरा में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार सुबह 10 बजे श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचे। भगवान श्रीकृष्ण की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सीएम योगी के मुख्यमंत्री के जन्मस्थान पहुंचते ही पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने जय श्रीकृष्ण और राधे-राधे के जयघोष से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।

मुख्यमंत्री करीब 30 मिनट तक श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर में रहे। जन्मस्थान पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले गोप पूजन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री भागवत भवन पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए। उन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

पूजा-अर्चना के दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण के समक्ष देशवासियों के कल्याण और प्रदेश की उन्नति की प्रार्थना की। जन्माष्टमी के अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान में उमड़े श्रद्धालुओं में भी मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर उन्हें श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। पुष्प वर्षा होते ही श्रद्धालुओं में उत्साह और बढ़ गया तथा पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा।

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत पर कई बार आक्रांताओं ने आक्रमण किए। देश की संस्कृति और सनातन परंपराओं को कमजोर करने के प्रयास भी हुए, लेकिन सनातन की आस्था और विश्वास को कोई डिगा नहीं सका। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा से सनातन संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक शक्ति का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचता है।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर और आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। जन्मस्थान की ओर जाने वाले मार्गों पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।

जन्माष्टमी के मौके पर देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मथुरा पहुंचे हैं। श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान भी श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा। कान्हा की जन्मभूमि पर मुख्यमंत्री के दर्शन और पूजा-अर्चना के साथ जन्माष्टमी का धार्मिक उत्साह और भी बढ़ गया।

Related Articles

Back to top button