खेल

ग्रेटर नोएडा में बिग क्रिकेट लीग सीजन-2 का होने जा रहा आगाज

IPL 2026 खत्म होते ही क्रिकेट फैंस के मनोरंजन के लिए एक बड़ा क्रिकेट लीग का रोमांच देखने को मिलेगा। इस बार मैदान पर फिर से क्रिस गेल, शिखर धवन और हरभजन सिंह जैसे दिग्गज खिलाड़ी चौके-छक्कों की बरसात करते हुए नजर आएंगे।

शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 3 से 13 जून तक बिग क्रिकेट लीग सीजन-2 का रोमांच देखने को मिलेगा। 11 दिन चलने वाली इस लीग में देश-विदेश के दिग्गज खिलाड़ी मैदान पर उतरेंगे और दर्शकों को डे नाइट फार्मेट के टी-20 मैच देखने का आनंद मिलेगा।

IPL के बाद अब BCL का लगेगा तड़का

बिग क्रिकेट लीग सीजन-2 में कुल 6 टीमें हिस्सा लेंगी और 11 दिनों में 18 टी20 मुकाबले खेले जाएंगे। पिछले सीजन की चैंपियन मुंबई मरीन्स एक बार फिर ट्रॉफी बचाने मैदान पर उतरेगी। 

ये लीग प्रो-एम फॉर्मेट में खेली जाती है, जिसमें पेशेवर और शौकिया खिलाड़ी एक ही टीम में खेलते हैं। इसके पहले सीजन में सुरेश रैना, शिखर धवन और इरफान पठान जैसे खिलाड़ी नए उभरते खिलाड़ियों के साथ खेले थे।

बीसीएल के सीजन-1 में टैलेंट हंट प्रोग्राम के जरिए देशभर से 60 से ज्यादा उभरते क्रिकेटर्स को मंच दिया गया था, जिसमें कई खिलाड़ी पहली बार किसी प्रोफेशनल क्रिकेट माहौल में अंतरराष्ट्रीय स्टार्स के साथ मैदान में उतरे थे। इस बार भी देशभर से चुने गए 60 युवा क्रिकेटर्स को पूर्व IPL और इंटरनेशनल खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिलेगा।

धवन-गेल समेत कई बड़े नाम आएंगे नजर

इस सीजन में कई पुराने सुपरस्टार्स फिर से मैदान पर देखने का मौका मिलेगा। रॉस टेलर, थिसारा परेरा और तिलकरत्ने दिलशान जैसे दिग्गज भी लीग का हिस्सा होंगे। T20 क्रिकेट के सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों में गिने जाने वाले क्रिस गेल की मौजूदगी लीग के रोमांच को दोगुना कर देगी।

ग्रेटर नोएडा बनेगा नया क्रिकेट हब

टूर्नामेंट के सभी मुकाबले शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले जाएंगे। लीग आयोजकों का दावा है कि इस बार फैन एक्सपीरियंस, ब्रॉडकास्ट और इंटरनेशनल रीच पहले से कहीं ज्यादा बड़ी होगी। भारत में मैचों का लाइव प्रसारण Eurosport पर होगा, जबकि ऑनलाइन स्ट्रीमिंग फैनकोर्ड पर देखी जा सकेगी।

Related Articles

Back to top button