उत्तर प्रदेश

जन्माष्टमी पर मथुरा आ रहे सीएम योगी: श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर करेंगे गोपूजन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज से दो दिवसीय मथुरा दौरे पर रहेंगे और वृंदावन में 1051 करोड़ रुपये की 229 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे। चार सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर वह श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचकर गोपूजन और भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज से दो दिवसीय दौरे पर मथुरा आएंगे। उनके आगमन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। वह दोपहर एक बजे वृंदावन पहुंचेंगे। यहां पौधरोपण के बाद विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे और स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह के साथ 1051 करोड़ रुपये की 229 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे। इसमें 167 नई परियोजनाएं शामिल हैं।

तय कार्यक्रम के अनुसार सीएम योगी शाम को सात बजे वृंदावन से पानीगांव मार्ग पर 23 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित भक्ति स्तंभों का भी निरीक्षण करेंगे। रात को वह वेटेरिनरी विवि के गेस्ट हाउस में विश्राम करेंगे। 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सीएम योगी सुबह 10 बजे श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचेंगे। यहां वह गोपूजन करने के बाद भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन करेंगे। इसके बाद वह यहां से रवाना हो जाएंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए अधिकारी मार्गों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने, सड़कों की मरम्मत और सुरक्षा इंतजामों को अंतिम रूप दे रहे हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सीएम के दौरे पर कड़ी रहेगी सुरक्षा-व्यवस्था
सीएम योगी के दौरे पर मथुरा-वृंदावन की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थलों और उनके आवागमन वाले मार्गों पर पुलिस व पीएसी के जवानों को तैनात किया जाएगा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान, वृंदावन और अन्य प्रमुख कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। संदिग्धों पर नजर रखने के लिए चेकिंग और निगरानी व्यवस्था बढ़ा दीकी गई है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की जा रही है। मुख्यमंत्री के रूट पर बैरियर लगाकर यातायात को नियंत्रित किया जाएगा।

जन्माष्टमी व सीएम दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा
वृंदावन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दृष्टिगत प्रशासन एवं पुलिस महकमा पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। तैयारियों का जायजा लेने के बाद अधिकारियों-कर्मचारियों को दिशा-निर्देश देने के लिए वृंदावन स्थित गीता शोध संस्थान परिसर के स्वामी श्रीहरिदास प्रेक्षागृह में एक ब्रीफिंग आयोजित की गई। इसमें डीएम चंद्र प्रकाश सिंह एवं एसएसपी श्लोक कुमार ने देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ अच्छा आचरण से पेश करने और मुस्तैदी से अपने पाॅइंटों पर ड्यूटी देने के निर्देश दिए हैं।

बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि जन्माष्टमी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए पूरे मथुरा-वृंदावन क्षेत्र को 7 जोन और 35 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। श्रीकृष्ण जन्मस्थान, बांकेबिहारी मंदिर सहित सभी प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

क्षेत्र में लगभग साढ़े पांच से छह हजार पुलिसकर्मी, पीएसी और आरएएफ के जवान मुस्तैद रहेंगे। वहीं, अकेले वृंदावन में मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था हेतु 840 उप-निरीक्षक, 708 हेड कांस्टेबल और 3,200 सिपाहियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा, पूरे मेला क्षेत्र पर पैनी नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों और खुफिया तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button