उत्तर प्रदेश

जिले को मिलेगी 1273 करोड़ की सौगात, सीएम योगी करेंगे 374 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को उरई के इंदिरा स्पोर्ट्स स्टेडियम ग्राउंड से करीब 1273.96 करोड़ रुपये की लागत वाली 374 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान वह एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विकास कार्यों की सौगात देंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को उरई आएंगे। वे शहर के इंदिरा स्पोर्ट्स स्टेडियम ग्राउंड से करीब 1273.96 करोड़ रुपये की लागत से तैयार और प्रस्तावित 374 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। यहां वह एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार विधानसभा क्षेत्र उरई में 195.36 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 216 परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा।

वहीं 139.56 करोड़ रुपये की 43 परियोजनाओं का शिलान्यास होगा। विधानसभा क्षेत्र कालपी में 293.79 करोड़ रुपये की 37 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 179.99 करोड़ रुपये की 41 परियोजनाओं का शिलान्यास प्रस्तावित है। विधानसभा क्षेत्र माधौगढ़ में 23.09 करोड़ रुपये की 13 परियोजनाओं का लोकार्पण और 442.15 करोड़ रुपये की 24 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।

परियोजनाओं में जनसुविधाओं को प्राथमिकता
प्रशासन के अनुसार इन परियोजनाओं में जनसुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है। इसमें उरई तहसील का आधुनिक भवन, मेडिकल कॉलेज में 50 बेड की अत्यधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट, कालपी नगर की बहुप्रतीक्षित 88.53 करोड़ रुपये की पेयजल योजना, कोंच नगर की सीवरेज और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट परियोजना, पुलिस लाइन में नए आवासीय भवन, मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय, अग्निशमन केंद्र और कई प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण जैसे कार्य शामिल हैं।

जिले की आधारभूत संरचना और मजबूत होगी
सरकार धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दे रही है। इसी क्रम में मां शीतला देवी मंदिर को जोड़ने वाले मार्ग का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कराया गया है। उरई तहसील परिसर में आधुनिक तकनीक पर आधारित हाईटेक नर्सरी भी तैयार की गई है। प्रशासन का दावा है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से आम लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिलेंगी और जिले की आधारभूत संरचना और मजबूत होगी।

विधानसभा क्षेत्रवार परियोजनाएं

विधानसभा क्षेत्र – लोकार्पण – शिलान्यास
उरई – 216 परियोजनाएं (195.36 करोड़) – 43 परियोजनाएं (139.56 करोड़)
कालपी – 37 परियोजनाएं (293.79 करोड़ – 41 परियोजनाएं (179.99 करोड़)
माधौगढ़ – 13 परियोजनाएं (23.09 करोड़) – 24 परियोजनाएं (442.15 करोड़)
कुल – 374 परियोजनाएं – लागत 1273.96 करोड़ रुपये

मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर 12:40 बजे पुलिस लाइन हैलीपैड पहुंचेंगे। यहां से 12:45 बजे इंदिरा स्पोर्ट्स स्टेडियम के ग्राउंड पहुंचेंगे। दोपहर 12:45 बजे से 1:45 बजे तक विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे। 1:45 बजे से दोपहर 2:45 बजे तक उनका समय कार्यक्रम स्थल पर ही आरक्षित है। इसमें वह जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 2:45 बजे वह पुलिस लाइन हैलीपैड के लिए प्रस्थान करेंगे। 2:50 बजे वह जिले से रवाना हो जाएंगे।

शुक्रवार को ही पहुंचे प्रभारी मंत्री
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले शुक्रवार को ही जिले के प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार शाम लगभग छह बजे उरई पहुंच गए। वह शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण गृह में रात्रि विश्राम करेंगे। शनिवार को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में सम्मिलित होने के बाद वह शाम 4:30 बजे पीलीभीत स्थित आवास को रवाना हो जाएंगे।

Related Articles

Back to top button