भारत को रुलाने वाले जय मूंदड़ा की चमकी किस्मत

हाल ही में आयरलैंड ने भारत को 2 टी20 मुकाबलों में शिकस्त दी थी। इस सीरीज में भारतीय मूल के आयरलैंड के गेंदबाज जय मूंदड़ा ने कमाल का प्रदर्शन किया था। वह प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे थे। अब जय को इस प्रदर्शन का इनाम मिला है। गुरुवार को हुई पहली यूरोपियन T20 प्रीमियर लीग (ETPL) ड्राफ्ट में रॉटरडैम डॉकर्स ने उन्हें अपनी पहली पसंद के तौर पर चुना।
पहली गेंद पर लिया विकेट
भारत में जन्मे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जय ने भारत के खिलाफ पहले मुकाबले में डेब्यू किया। पहले ही मैच में उन्होंने किफायती गेंदबाजी की। उन्होंने 4 ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट चटकाए। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की पहली ही गेंद पर संजू सैमसन को आउट करके डेब्यू पर ही जबरदस्त छाप छोड़ी थी। इसके बाद दूसरे T20I में 32 रन देकर 3 विकेट लिए और भारत की बल्लेबाजी लाइन-अप को ध्वस्त कर दिया।
सबसे ज्यादा मांग वाले प्लेयर
उन शानदार प्रदर्शनों की वजह से ETPL ड्राफ्ट में वे सबसे ज्यादा मांग वाले खिलाड़ियों में से एक बन गए। रॉटरडैम डॉकर्स ने बिना देर किए इस बेहतरीन प्लेयर को अपनी टीम में सबसे पहले शामिल कर लिया। डॉकर्स ने लीग के पहले सीजन के लिए एक संतुलित टीम बनाने के मकसद से नीदरलैंड्स के इंटरनेशनल खिलाड़ियों माइकल लेविट, रयान क्लेन, विक्रमजीत सिंह और साकिब के साथ-साथ स्कॉटलैंड के जैस्पर डेविडसन को भी अपनी टीम में शामिल किया।
6 फ्रेंचाइजी ने 36 खिलाड़ियों को चुना
ETPL ने अपना पहला प्लेयर ड्राफ्ट पूरा करके एक अहम मुकाम हासिल किया। इस ड्राफ्ट में छह फ्रेंचाइजी ने 36 खिलाड़ियों को चुना। इनमें से 12-12 खिलाड़ी क्रिकेट आयरलैंड, क्रिकेट स्कॉटलैंड और रॉयल डच क्रिकेट एसोसिएशन (KNCB) से थे।
एक शानदार युवा टैलेंट हैं
रॉटरडैम डॉकर्स के को-ओनर जोंटी रोड्स ने कहा, “इंटरनेशनल लेवल पर अपनी पहचान बनाने के बाद हम जय को अपनी टीम में शामिल करने के लिए बहुत उत्सुक थे। वह जबरदस्त काबिलियत वाले एक शानदार युवा टैलेंट हैं और उन्हें टीम में शामिल करके हम बहुत खुश हैं।”
उन्होंने कहा, “जय के साथ-साथ हमने आयरलैंड, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स से खिलाड़ियों का एक बहुत ही शानदार ग्रुप तैयार किया है। हमारा मानना है कि हमारे पास एक मजबूत और संतुलित टीम है, जिसमें कड़ी टक्कर देने की काबिलियत है। हम लीग शुरू होने पर उन्हें एक साथ खेलते हुए देखने के लिए उत्साहित हैं।”
क्रिकेट के दिग्गज शामिल हुए
पहले यूरोपियन T20 प्रीमियर लीग (ETPL) ड्राफ्ट में छह फ्रेंचाइजी ने वर्ल्ड क्रिकेट के कुछ बड़े नामों की देखरेख में अपनी टीमें तैयार कीं। लीग के इतिहास में पहली बार खिलाड़ियों के चयन के दौरान राहुल द्रविड़, स्टीव वॉ, मैथ्यू हेडन, ग्लेन मैक्सवेल, जोंटी रोड्स, फाफ डु प्लेसिस और हेनरिक क्लासेन जैसे क्रिकेट के दिग्गज शामिल हुए।
ड्राफ्ट के बाद ETPL टीमें
एम्स्टर्डम फ्लेम्स: कर्टिस कैम्फर, काइल क्लेन, टिम प्रिंगल, आर्यन दत्त, जॉर्डन नील और मैक्स ओ’डाउड।
आयरिश वुल्व्स: मैथ्यू हम्फ्रीज, फ्रेड क्लासन, टिम टेक्टर, पॉल स्टर्लिंग, जैनुल्ला एहसान और अलेक्जेंडर रॉय।
डबलिन गार्डियंस: बेंजामिन कैलिट्ज, जॉर्ज डॉकरेल, मैथ्यू हॉलार्ड, क्रेग यंग, नोआ क्रोस और क्रिस ग्रीव्स।
एडिनबर्ग कैसल रॉकर्ज: गैरेथ डेलानी, रॉस अडायर, जैक जार्विस, चार्ली टीयर, सफयान शरीफ और फिनले मैकक्रेथ।
ग्लासगो कॉस्मिक: ब्रैड करी, मैथ्यू क्रॉस, पॉल वैन मीकेरेन, माइकल लीस्क, ओलिवर डेविडसन और क्रिस मैकब्राइड।
रॉटरडैम डॉकर्स: जय मूंदड़ा, माइकल लेविट, रयान क्लेन, जैस्पर डेविडसन, विक्रमजीत सिंह और साकिब जुल्फिकार।


