उत्तर प्रदेश

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, तेज रफ्तार स्लीपर बस डंपर में घुसी

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के दिल्ली से हमीरपुर जा रही सवारियों से भरी स्लीपर कोच तेज रफ्तार बस आगे चल रहे डंपर में पीछे से घुस गई। हादसे में बस चालक समेत 12 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस व यूपीडा की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य कर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस के मुताबिक जालौन जिले के कालपी थाना क्षेत्र के नरहन निवासी चालक शैलेंद्र पुत्र गंगाराम चंदन विशाखा ट्रेवल्स की स्लीपर कोच बस से दिल्ली से करीब 50-60 सवारियों को लेकर हमीरपुर जा रहा था। शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे थाना डौकी क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 16.700 पर तेज रफ्तार बस आगे चल रहे डंपर में पीछे से जा घुसी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में चालक शैलेंद्र, आशिक पुत्र कामता सिंह, उनकी पत्नी अनीता निवासी मवई गुर्जर थाना कालपी जिला महोबा, प्रद्युम्न सिंह पुत्र छोटे निवासी थाना कालपी तथा दुर्गेश पुत्र विजय निवासी कालपी जिला जालौन घायल हो गए।

सूचना मिलते ही डौकी पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची तथा बस में फंसे घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। अन्य यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी प्रथम सुधीश कुमार शुक्ला का कहना है कि बस की रफ्तार अधिक थी।

हादसा संभवत बस चालक को नींद की झपकी आने के कारण हुआ है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तथा बाकी सवारियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया है।

Related Articles

Back to top button