लेबनान में फिर टूटा युद्धविराम

युद्धविराम के बावजूद सोमवार को इजरायल ने लेबनान के पूर्वी भाग पर हमला किया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की पहल पर 16 अप्रैल को लागू हुए युद्धविराम से इजरायली सेना और हिजबुल्ला लड़ाकों के बीच लड़ाई रुक गई थी। लेकिन पिछले युद्धविरामों की तरह इस बार भी लड़ाई पर रोक चंद रोज ही बनी रह सकी।
हिजबुल्ला के प्रभाव वाले दक्षिणी लेबनान से इतर इजरायल का ताजा हमला पूर्वी भाग की बेका घाटी में हुआ है। इजरायली सेना के प्रवक्ता ने कहा है कि यह बेका घाटी में हिजबुल्ला के ढांचे पर हमले की शुरुआत है।
इजरायल ने कई जगहों पर की बमबारी
सूत्रों के अनुसार इस हमले में सीरिया सीमा के नजदीक स्थित नबी चिट शहर को निशाना बनाया गया है और वहां पर कई स्थानों पर बमबारी की गई है। इस बमबारी में किसी की जान जाने की खबर नहीं है।
विदित हो कि इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान में कई किलोमीटर घुसकर वहां की जमीन की पट्टी पर कब्जा कर लिया है और वहीं से हमले कर रही है। जवाब में हिजबुल्ला लेबनान की पट्टी पर मौजूद इजरायली सैनिकों और उत्तरी इजरायल पर ड्रोन और राकेट से हमले कर रहा है। ताजा हमले से हिजबुल्ला के ड्रोन हमले में इजरायल का एक टैंक निशाना बना है।
अशांति के लिए हिजबुल्ला के ठहराया जिम्मेदार
युद्धविराम टूटने के बाद लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने सरकार के रुख का बचाव किया है। कहा है कि वह देश में शांति के पक्ष में हैं। उन्होंने अशांति के लिए नाम न लेते हुए हिजबुल्ला को जिम्मेदार ठहराया है।


