योगी सरकार का बड़ा फैसलाः यूपी में प्री-प्राइमरी की तर्ज पर चमकेंगे आंगनबाड़ी केंद्र

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को उनके स्वयं के भवनों में संचालित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में तीन से छह वर्ष आयु के बच्चे आते हैं और ये केंद्र प्री-प्राइमरी के रूप में भी उपयोगी हैं। ऐसे में बच्चों की सुविधा, पठन-पाठन की उत्कृष्ट व्यवस्था तथा भवनों का आकर्षक स्वरूप सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में 1.89 लाख से अधिक आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, जिनमें से लगभग 76 हजार केंद्र अभी अपने स्वयं के भवनों में संचालित नहीं किए जा रहे हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इन भवनों के निर्माण में ‘कॉरपोरेट-सोशल रिस्पांसिबिलिटी’ (सीएसआर) का सहयोग लिया जा सकता है और आवश्यकतानुसार राज्य सरकार भी वित्तीय सहयोग प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को एक मानक मॉडल तैयार कर विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।


