पर्यटन

पूरे साल ट्रेंड में रहे ये 5 भारतीय पर्यटन स्थल, सोशल मीडिया पर खूब दिखीं तस्वीरें

नया वर्ष 2026 आने वाला है और अब वक्त है वर्ष 2025 को अलविदा कहने का। ये साल कई अच्छी-बुरी यादों का रहा। इस वर्ष की यादें सिर्फ आपके दिल में नहीं, बल्कि उन जगहों पर भी बस गईं, जहां लोग घूमने और खूबसूरत वक्त बिताने पहुंचे। भारत में कई जगह ऐसी हैं, जहां साल भर पर्यटकों का जमावड़ा रहा। हालांकि ये वह साल था जब भारतीय यात्रियों ने भीड़ से दूर, शांति से भरे, सांस्कृतिक गहराइयों और स्थानीय अनुभवों वाले पर्यटन स्थलों की ओर रुख किया। सोशल मीडिया रील्स, जेन-जी एस्थेटिक ट्रैवल गोल और मिलेनियम की माइंडफुल जर्नी ने भारत के पर्यटन नक्शे को बिल्कुल नए ट्रेंड की ओर मोड़ा।

2025 के ट्रैवल ट्रेंड ने स्पष्ट किया कि यात्रा सिर्फ घूमने नहीं, बल्कि महसूस करने निकले थे। शोर से दूर शांत पहाड़, इतिहास से भरे पुराने शहर, प्रकृति की गोद में बसे छोटे गांव और आध्यात्मिकता की खुशबू से भरे कस्बे ये सभी इस साल भारत के सबसे ज्यादा चर्चित और पसंद किए गए गंतव्य बने।

कश्मीर

दुनिया की इस जन्नत ने फिर दिल जीता। कश्मीर साल 2025 में सबसे ज्यादा वायरल हुआ। कश्मीर की बर्फीली वादियां और ट्यूलिप गार्डन देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे। सोनमर्ग, अरु वैली, द्रास और गुरेज वैली जैसे शांत, कम-भीड़ वाले स्थान युवा पर्यटकों के पसंदीदा बने रहे। फिल्म शूटिंग और यात्री क्रिएटर्स की रील ने कश्मीर को पूरे साल ट्रेंड में रखा। हालांकि पहलगाम हमले के बाद कश्मीर पर्यटन पर कुछ वक्त के लिए असर रहा। जम्मू में भी यात्रियों की संख्या में कुछ गिरावट आई। लेकिन सोशल मीडिया पर कश्मीर की तस्वीरें ट्रेंड में बनी रहीं।

राजस्थान

राजस्थान राजशाही और विरासतों का परफेक्ट मेल है। जयपुर, उदयपुर और जैसलमेर हमेशा ट्रेंड में रहते हैं। लेकिन साल 2025 में वायरल हुआ ग्रामीण राजस्थान। खिमसर, ओसियार, बाड़मेर जैसी जगहें और जैसलमेर पर्यटकों की पसंद बने। यहां रेगिस्तान के मध्य बने टेंट्स में यात्रियों को असली और ग्राम्य जीवन का अनुभव मिला।

प्रयागराज और वाराणसी

साल 2025 में प्रयागराज में महाकुंभ मेले का आयोजन हुआ, जिसमें संपूर्ण भारत से यात्री पहुंचे। साथ ही विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु आए। कुंभ मेले के द्वारा प्रयागराज पूरी दुनिया में ट्रेंड में रहा। प्रयागराज आने वाले अधिकतर श्रद्धालु वाराणसी भी पहुंचे। ये दोनों ही स्थल संस्कृति, खानपान, फोटोग्राफी लवर्स के लिए स्वर्ग जैसा बने। बनारस तो साल भर ट्रेंड में रहा। यहां के घाटों, संकरी गलियों और शानदार फूड कल्चर ने सोशल मीडिया पर कब्जा जमाए रखा। देव दीपावली, गंगा आरती और काशी काॅरिडोर की नाइट फोटोग्राफी सोशल मीडिया पर छाई रही।

वृंदावन-गोवर्धन

साल 2025 में उत्तर प्रदेश का वृंदावन और गोवर्धन आध्यात्मिक पर्यटन का केंद्र रहा। प्रेमानंद जी महाराज के आश्रम जब बड़े बड़े सेलेब्स पहुंचें तो अन्य आम श्रद्धालु और यात्रियों को इन स्थानों ने आकर्षित किया। धार्मिक पर्यटन की लहर 2025 में सबसे ज्यादा वृंदावन और गोवर्धन में दिखी। परिवारों के साथ-साथ युवा सोलो यात्री भी यहां पहुंचे। बृज की यात्रा, यमुना आरती और गोवर्धन परिक्रमा रील्स पर लगातार ट्रेंड में रहीं।

मेघालय

पूर्वी भारत का ये स्थल इंस्टाग्राम पर पसंदीदा बना। मेघालय लगातार ट्रेंड में बना रहा। चेरापुंजी, डौकी, मावलिनोंग और क्रांग सूरी जलप्रपात ने यात्रा की सौन्दर्यता को नई ऊंचाई दी। यहां का कैंपिंग, क्लाउड बेड और पारदर्शी नदी साल 2025 के सबसे स्वप्निल दृश्य रहे।

Related Articles

Back to top button