राजनीति

वाराणसी में वोट चोरी को लेकर निर्वाचन आयोग से कांग्रेस से उठाया सवाल

कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि वोट चोरी को लेकर हमारे नेता राहुल गांधी भारत निर्वाचन आयोग से सवाल कर रहे हैं। वोट चोरी का साक्ष्य दे रहे हैं, जांच कराने की मांग कर रहे हैं लेकिन बिलबिला भाजपा रही है।

भाजपा नेता अनुराग ठाकुर प्रेस कांफ्रेंस कर जवाब दे रहे हैं। आपको तो यह कहना चाहिए था कि आरोप जो भी लग रहे हैं, लोकतंत्र की गरिमा के लिए निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। लेकिन आप आयोग बन कर स्वयं जवाब देने लगे। सरकार की नीति नीयत देश की जनता देख व समझ रही है।

कांग्रेस के मैदागिन स्थित राजीव भवन में बनारस के राजनीतिक-नागरिक व सामाजिक नेतृत्व के तत्वावधान में वोट चोरी को लेकर आयोजित मतदाता अधिकार सम्मेलन में कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि लोकतंत्र में जनता के पास सबसे बड़ा अधिकार, हथियार वोट है। इसकी रक्षा होनी चाहिए। सत्ता की चाबी जनता के पास होनी चाहिए लेकिन सरकार इसे छिनने पर लगी हुई है। सरकार किसान, महिलाएं और नौजवानों को डरा रही है। लाठी से पीट रही है।

राजनीति पार्टियों के साथ ही भी यही हथकंडा अपना रही है। हाल ही में राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाया गया। सरकार तानाशाह हो गई है। इसे अलोचना बिल्कुल पसंद नहीं है। यह इतिहास रहा है कि तानाशाह डरपोक होता है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने मीडिया को भी सरकार से सही सवाल न पूछने पर कठघरे में खडा किया। कहा कि बेरोज़गारी, पेपर लीक, महंगाई और अडानी से जुड़ी लूट जैसे मुद्दों पर क्यों चुप हैं।

सम्मेलन के दौरान उन्होंने बिहार चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि जनता हमारे साथ है।सरकार चाहे जितना जोर लगा ले, चुनाव हम जीतेंगे। सम्मेलन के बाद प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने बिहार में महिलाओं को बीस हजार रुपये सरकार की ओर से देने के सवाल पर कहा कि इसके पहले भी तो इन्हीं की सरकार थी। इससे पहले क्यों नहीं दिए। लालीपाप का झांसा अब नहीं चलने वाला।

सम्मेलन में विद्या आश्रम जनांदोलन के अगुवा सुनील सहस्रबुद्धे ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कई बार वाराणसी संसदीय चुनाव में धांधली की बात उठा चुके हैं। इसकी जांच सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश से कराने की मांग होनी चाहिए।

अब्दुल्लाह खान ने मोदी सरकार की नामामियां गिनाई तो वहीं व्यापार संघ के अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद गुप्ता कहा कि आठ साल से जीएसटी लूट के बाद थोड़ी राहत देकर क्रांतिकारी कदम सरकार बता रही है। गांधी वादी कार्यकर्ता तनूजा ने सर्व सेवा संघ के ध्वस्तीकरण पर चिंता तो महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष आराधना यादव ने महिलाओं पर बढ़ते उत्पीड़न की बात रखी।

प्रदेश महासचिव, यूथ कांग्रेस चंचल शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा, पार्षद संघ के नेता गुलशन अली समेत अन्य नेताओं ने विचार व्यक्त किया। संचालन कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे व जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल व नागरिक समाज की परमिता ने किया।

पराड़कर भवन पर प्रदर्शन , पुलिस संग नोकझोंक

सम्मेलन को लेकर काशी पत्रकार संघ की ओर से पराडकर भवन की बुकिंग शुक्रवार की देर रात निरस्त करने को लेकर कांग्रेस व विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता शनिवार को तय समय दोपहर डेढ़ बजे वहां पहुंचे। पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे समेत दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं का पुलिस संग कहासुनी और नोकझोक भी हुई। इसके बाद वोट चोर गददी छोड़ व पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारा बुलंद करते हुए मैदागिन स्थित अपने कार्यालय राजीव भवन लौट कर आए और वहीं सम्मेलन प्रारंभ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button