अल्मोड़ा: लमगड़ा में दो सीटों पर भाजपा का कब्ज़ा

अल्मोड़ा। लमगड़ा विकासखंड में प्रमुख और ज्येष्ठ प्रमुख पदों पर कमल खिला। प्रमुख पद पर भाजपा अधिकृत प्रत्याशी त्रिलोक सिंह को 17, भाजपा की बागी प्रत्याशी राधा बिष्ट को 12 व विनीत बोरा को 9 मत मिले। त्रिलोक सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा की बागी राधा बिष्ट को पांच मतों से पराजित कर जीत दर्ज की।
ज्येष्ठ प्रमुख पद पर भाजपा प्रत्याशी हरीश सिंह को 23, ललित बिष्ट को सात, दीवान सिंह बोरा को छह मत मिले। हरीश सिंह ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी ललित बिष्ट को 16 मतों से पराजित कर जीत हासिल की। कनिष्ठ उप प्रमुख पद पर मुन्नी देवी को 23, तुलसी देवी को 13 मत मिले।
मुन्नी ने तुलसी को 10 मतों से पराजित कर विजय प्राप्त की। विजेता त्रिलोक सिंह, हरीश सिंह ने समर्थकों के साथ लमगड़ा में भव्य जुलूस निकाला। जुलूस में निवर्तमान ब्लाक प्रमुख विक्रम सिंह बगड़वाल, भाजपा प्रभारी ललित लटवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा, बची सिंह बिष्ट, प्रकाश बर्गली, राजेंद्र सिंह धानक राजू, चंदन सिंह धौनी, गंगा भट्ट, नवीन ढैला, बालम सिंह कपकोटी सहित कई लोग मौजूद रहे।