देश-विदेश

लॉस एंजिलिस में बुजुर्ग सिख व्यक्ति को बेरहमी से पीटा

अमेरिका के लॉस एंजेलिस में एक बुजुर्ग सिख व्यक्ति को बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। हमले में बुजुर्ग के सिर में फ्रैक्चर और संभावित मस्तिष्क आघात हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि हमले के संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि घटना 4 अगस्त की है, जब 70 वर्षीय बुजुर्ग हरपाल सिंह लॉस एंजिलिस में सिख गुरुद्वारे के पास सैर कर रहे थे। उसी दौरान एक रिचर्ड विटाग्लियानो नामक व्यक्ति ने हरपाल सिंह पर हमला कर दिया। रिचर्ड बेघर है।

घृणा अपराध न मानने पर लोगों में नाराजगी
लॉस एंजिलिस पुलिस ने मंगलवार को बताया कि 44 वर्षीय विटाग्लियानो को हरपाल सिंह पर निर्मम हमले के लिए सोमवार को गिरफ्तार किया गया। विटाग्लियानो पर घातक हथियार से हमला करने का मामला दर्ज किया गया है और उसकी जमानत 11 लाख अमेरिकी डॉलर तय की गई है। वहीं सिख अधिकार समूह ‘द सिख कोलिशन’ ने कहा कि सिंह पर हुए क्रूर हमले के लिए संदिग्ध हिरासत में है, लेकिन पुलिस इस मामले की घृणा अपराध के रूप में जांच नहीं कर रही है। संगठन और समुदाय के कई लोगों ने इसे घृणा अपराध न मानने पर नाराजगी जताई। हमले के दौरान हरपाल सिंह को बहुत गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

संपत्ति का विवाद बताया जा रहा
पुलिस ने बताया कि हरपाल सिंह और विटाग्लियानो के बीच मारपीट हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने यह नहीं देखा कि मारपीट कैसे शुरू हुई। विटाग्लियानो, सिंह पर हमला कर रहा था और जब लोगों ने हस्तक्षेप किया तो आरोपी मौके से फरार हो गया। इसके बाद हरपाल सिंह को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल सिंह अस्पताल में ही भर्ती हैं। विटाग्लियानो पर नशीले पदार्थों, घातक हथियार से हमले और विभिन्न हथियारों से जुड़े आरोपों का एक लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है। इस मामले में मिले सबूतों के आधार पर, पुलिस का मानना है कि यह हमला नफरत से प्रेरित अपराध नहीं था, बल्कि पीड़ित और आरोपी के बीच संपत्ति को लेकर हुए विवाद था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button