उत्तर प्रदेश

मोदी सरकार के 11 साल: भाजपा मुख्यालय में प्रदर्शनी का उद्धाटन करेंगे सीएम योगी

केंद्र की मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री योगी भाजपा मुख्यालय में प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे और केंद्र की उपलब्धियों का ब्यौरा पेश करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्त्व में सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेश भाजपा मुख्यालय में प्रदर्शनी लगाई गई है जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री केंद्र सरकार की उपलब्धियों का ब्योरा भी साझा करेंगे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह मौजूद रहेंगे। वहीं, सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों से संवाद किया।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि सभी जिला केंद्रों पर भी प्रदर्शनी लगाई जाएगी। 10-11 जून को सशक्त भारत-सुरक्षित भारत विषय पर प्रोफेशनल मीट और बदलता भारत-मेरा अनुभव विषय पर डिजिटल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया 12 से 14 जून तक मंडल स्तर पर विकसित भारत संकल्प सभा और 21 जून को मंडल स्तर पर योग शिविर आयोजित होंगे।

शक्ति केंद्र पर चौपाल लगाकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की जाएगी। इस दौरान 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का आयुष्मान कार्ड के लिए पंजीकरण भी किया जाएगा। कार्यक्रमों में केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारी, पदाधिकारी, मंत्री, जनप्रतिनिधि, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला से लेकर बूथ तक के पदाधिकारी हिस्सा लेंगे।

सीएम योगी ने मोदी सरकार के 11 साल पर दिया बयान
इसके पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के 11 साल का कार्यकाल सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन को गति प्रदान करतीं प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, जन धन योजना और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना जैसी अनेक लोक-कल्याणकारी पहलें आमजन के जीवन को सुगम, वंचित को सशक्त और व्यवस्था को परिणाम दायक बनाने के प्रति प्रधानमंत्री जी की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती हैं।

विरासत से विकास तक, मेट्रो की रफ्तार से सस्ती-सुगम हवाई यात्रा तक, वंदे भारत ट्रेनों से नए राजमार्गों तक, इंफ्रास्ट्रक्चर से इंडस्ट्री तक, कृषि से कॉमर्स तक, राष्ट्रीय सुरक्षा से सामाजिक सुरक्षा तक, सामाजिक समृद्धि से सामाजिक न्याय तक, भारत विविध क्षेत्रों में विकास की एक नई गाथा लिख रहा है। आस्था, अस्मिता, आजीविका और अर्थव्यवस्था के उत्कर्ष को सुनिश्चित करते सेवा के 11 साल भारत को महाशक्ति बनाने का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button