मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने की प्रदेशवासियों से मतदान की अपील
देहरादून: मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने लोक सभा चुनावों को लोकतंत्र का पर्व बताते हुए प्रदेशवासियों से इस पावन अवसर पर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। उन्होंने प्रदेश के सभी सम्मानित मतदाताओं से लोकसभा के इस महान पर्व पर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपेक्षा की है।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि हमारी संसद हमारे लोकतंत्र का मजबूत आधार है। संसद ही देश की मजबूती के साथ ही लोकतंत्र की मजबूती का आधार भी तैयार करती है। देश हित से जुड़े विषयों के समाधान में लोकसभा का महत्वपूर्ण योगदान रहता है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र एवं निष्पक्षता के साथ मतदान कर हम लोकतंत्र की मजबूती के लिये अपना योगदान दे सकते हैं। इसमें भागीदारी सुनिश्चित करना हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी भी है।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत स्वंय भी 11 अप्रैल 2019 को पूर्वाहन 9 बजे डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, डिफेंस कॉलोनी में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

