पीएम मोदी के जन्मदिन पर याद आई बंगाल की झालमुड़ी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बंगाल के झाड़ग्राम में झालमुड़ी (मसालेदार लइया) खाने की याद गुरुवार को फिर ताजा हो गई।
अप्रैल में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री सड़क किनारे की जिस दुकान पर रुके थे, उसके संचालक विक्रम साहू ने जन्मतिथि पर दुकान में ही छोटा आयोजन किया। मुलाकात की तस्वीरें लगाईं, ग्राहकों को झालमुड़ी खिलाई और उस खास पल को याद किया।
राज कालेज मोड़ के पास स्थित चवन लाल स्पेशल झालमुड़ी दुकान पर चुनावी कार्यक्रम के बीच पीएम मोदी कुछ मिनट के लिए रुके थे। उन्होंने साहू से बातचीत की और झालमुड़ी खाई थी।
मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो पीएम के इंटरनेट मीडिया खातों से भी साझा किए गए थे और तेजी से प्रसारित हुए थे।
साहू ने कहा कि पीएम का उनकी दुकान पर आना उनके लिए अविस्मरणीय है। इसी याद को ताजा करने के लिए उन्होंने पीएम की जन्मतिथि दुकान पर मनाई और उनके अच्छे स्वास्थ्य व लंबी आयु की कामना की।

