Rohit Sharma को 2027 वर्ल्ड कप के लिए खुद को साबित करना होगा

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए अपने फॉर्म और फिटनेस को साबित करना होगा। पूर्व चयनकर्ता सबा करीम ने कहा कि रोहित को कड़ी मेहनत करने की जरूरत है।
सबा करीम ने पीटीआई से बातचीत में कहा, ‘मेरे ख्याल से रोहित शर्मा को कड़ी मेहनत करना होगी। उन्हें अपने फिटनेस स्तर और बल्लेबाजी प्रदर्शन पर काम करना होगा। मेरे ख्याल से अगले छह महीने में चयनकर्ता करीब से रोहित के प्रदर्शन पर नजर रखेंगे ताकि फैसला कर सकें कि वो वनडे वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा होंगे या नहीं।’
विराट का खेलना पक्का
सबा करीम ने कहा कि दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली के स्थान पर कोई संकट नहीं है। करीब के मुताबिक चयनकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हैं कि कोहली फिट हैं और 2027 वनडे वर्ल्ड कप का वो हिस्सा होंगे। उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि विराट को चयनकर्ताओं को कुछ साबित करने की जरूरत है।’
विराट की क्या है खासियत
सबा करीम ने बताया कि कोहली ने पिछले कुछ समय में अपने स्ट्राइक रेट पर काफी काम किया और इस तरह उन्होंने खुद को सर्वश्रेष्ठ मल्टी फॉर्मेट प्लेयर के रूप में साबित किया। उन्होंने कहा, ‘विराट कोहली ने टेस्ट, वनडे और टी20 प्रारूप में जो हासिल किया, कोई हमेशा कहेगा कि वो सर्वश्रेष्ठ विभिन्न प्रारूप वाले खिलाड़ी हैं।’
पंत ने अपने पैर पर मारी कुल्हाड़ी
सबा करीम ने ऋषभ पंत के बारे में भी अपनी राय दी। उन्होंने कहा कि पंत को मौके मिले, लेकिन विकेटकीपर बल्लेबाज को खुद को दोषी मानना होगा कि वो सीमित ओवर क्रिकेट में सफलता नहीं प्राप्त कर सके।
करीम ने कहा, ‘आपको नहीं लगता कि व्यक्ति को बेहतर प्रदर्शन करने की जिम्मेदारी उठानी चाहिए? इस मामले में आप बीसीसीआई से क्या उम्मीद करते हैं? चयन समिति ने पंत को सफेद गेंद क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन करने के पर्याप्त मौके दिए। अंत में प्रदर्शन मायने रखता है। बोर्ड और राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने पंत पर काफी धैर्य दिखाया। पंत को सफल होने के लिए रास्ता खोजना होगा।’
