मुंबई-लखनऊ बाहर, RCB बनी नंबर-1; प्लेऑफ की जंग में आया बड़ा ट्विस्ट

भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) ने पहले अपनी घातक गेंदबाजी के दम पर एमआई की बैटिंग यूनिट को तहस-नहस किया। जहां उन्होंने गेंदबाजी करते हुए 23 रन खर्च करते हुए 4 विकेट लिए और फिर जब मैच लगभग आरसीबी की पकड़ से निकल चुका था, तब उनके बैट से निकले छक्के ने टीम को जीत दिलाई।
आरसीबी (RCB vs MI) ने रविवार को खेले गए मैच में एमआई को 2 विकेट से हराकर अपने प्लेऑफ की स्थिति को मजबूत कर लिया, जबकि मुंबई की टीम और लखनऊ की टीम प्लेऑफ से बाहर हो गई। एमआई और एलएसजी के बाहर होते ही आईपीएल 2026 की प्वाइंट्स टेबल में बड़ा बदलाव देखने को मिला।
IPL 2026 Points Table: टॉप पर पहुंची आरसीबी की टीम
दरअसल, मुंबई पर मिली जीत के बाद आरसीबी की टीम आईपीएल 2026 की प्वाइंट्स टेबल के टॉप पर पहुंच गई है। टीम के पास 14 अंक है और उनके पास भी सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस जितने 14 प्वाइंट्स हो गए हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट की वजह से आरसीबी की टीम टॉप पर है।
अब आरसीबी की टीम को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अपने बचे हुए तीन मैचों में से कम से कम एक मैच जीतना होगा। आरसीबी की टीम सिर्फ क्वालिफिकेशन पर नजर नहीं रख रही है, बल्कि उनकी नजरें हैं कि वो टॉप-2 की टिकट कटाए।
अंक तालिका में टॉप-4 टीमें
मौजूदा समय में आरसीबी के साथ सनराइजर्स हैदराबाद, गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स की टीम टॉप-4 में है। आरसीबी, एसआरएच और जीटीके पास 14 अंक है, जबकि पंजाब के पास 13 अंक है और वो चौथे स्थान पर खिसक गई है, जबकि चेन्नई और राजस्थान की टीम को भी प्लेऑफ के लिए दावेदार माना जा रहा है। दोनों के पास 12 प्वाइंट्स है। केकेआर और डीसी की टीम भी अभी प्लेऑफ की रेस में है।
RCB Vs MI: आखिरी ओवर का रोमांच
आरसीबी को आखिरी ओवर में जीत के लिए 15 रन चाहिए थे। मुंबई के राज बावा ने पहली गेंद वाइड फेंकी, फिर नो बाल फेंकी। फ्री हिट पर रोमारियो शेफर्ड ने एक रन लिया। फिर रसिख डार ने वाइड गेंद पर एक रन लिया और अगली गेंद पर शेफर्ड ने कोई रन नहीं लिया।
यानी दो लीगल गेंद पर आरसीबी ने पांच रन बना लिए थे और चार गेंद में 10 रन की जरूरत थी। अगली गेंद पर तिलक ने शेफर्ड को बैकवर्ड प्वांइट पर लपक कर मुंबई को वापस मैच में ला दिया।
आरसीबी को तीन गेंद में 10 रन की जरूरत थी और क्रीज पर थे भुवनेश्वर कुमार। राज बावा ने शॉर्ट गेंद फेंकी, जिसे अंपायर ने वाइड करार दिया। अब तीन गेंद पर नौ रन चाहिए थे और भुवी ने शानदार लाफ्टेड शाट लगाकर डीप कवर के ऊपर से छक्का लगाकर मैच आरसीबी की पकड़ में ला दिया।
पांचवीं गेंद पर भुवी ने एक रन लिया और अंतिम गेंद पर आरसीबी को दो रन की जरूरत थी। रसिख डार ने सीधा शाट लगाया और गेंद बावा के हाथ से लगकर लांग आन की तरफ गई। रसिख ने पहला रन तेजी से पूरा किया और दूसरे रन के लिए दौड़े, फील्डर ने गेंद विकेटकीपर रिकल्टन की ओर फेंकी। रसिख ने डाइव लगाकर दूसरा रन पूरा किया और आरसीबी को सांसें रोक देने वाले मुकाबले में जीत दिलाई।
