बंगाल में आज से BJP की ‘परिवर्तन यात्रा’: चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारी

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। एक मार्च से भाजपा ‘परिवर्तन यात्रा’ शुरू कर रही है, यह यात्रा राज्य के 250 विधानसभाओं में जाएगी। वहीं भाजपा के तमाम शीर्ष नेता कई जिलों में इसकी शुरुआत करेंगे।
पश्चिम बंगाल में 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने राज्यभर में 5,000 किलोमीटर लंबी ‘परिवर्तन यात्रा’ की शुरुआत का एलान किया है। यह यात्रा 1 मार्च से शुरू होकर 10 मार्च को कोलकाता में प्रस्तावित समापन तक चलेगी। प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की। यात्रा का समापन कोलकाता में होगा, जहां ब्रिगेड मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशाल सभा को संवोधित करेंगे। हालांकि अभी तारीख तय नहीं हुई है।
पांच प्रमुख स्थानों से परिवर्तन यात्रा की शुरुआत
एक मार्च को राज्य के पांच प्रमुख स्थानों से परिवर्तन यात्रा की शुरुआत होगी। सिलीगुड़ी से भाजपा अध्यक्ष नितीन नवीन यात्रा की शुरुआत करेंगे। इसमें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य और पूर्व केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रामाणिक मौजूद रहेंगे। इसी तरह से दो मार्च को दक्षिण 24 परगना के रायदिघी से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जनसभा कर यात्रा को रवाना करेंगे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेता होंगे शामिल
हावड़ा के आमता से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। अन्य तीन स्थानों से प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व के वरिष्ठ नेता यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा आने वालों दिनों में भाजपा के पूर्व अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री अन्नापूर्णा देवी और वरिष्ठ नेता स्मृति ईरानी अलग-अलग स्थानों से यात्रा का शुभारंभ करेंगे।
250 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी यात्रा
भाजपा नेतृत्व के मुताबिक, यह यात्रा राज्य के 294 में से 250 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान 66 बड़ी जनसभाएं और लगभग 300 स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। होली के मद्देनजर 3 और 4 मार्च को यात्रा स्थगित रहेगी, जिसके बाद पुनः निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार आगे बढ़ेगी।
ब्रिगेड मैदान में प्रस्तावित समापन
यात्रा के समापन पर कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड मैदान में ‘ब्रिगेड चलो’ रैली आयोजित करने की योजना है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना जताई गई है। हालांकि रैली की तिथि की आधिकारिक घोषणा अभी शेष है।
‘पलटानो दरकार, चाहिए बीजेपी सरकार’ नारा
भाजपा ने यात्रा का नारा दिया है- ‘पलटानो दरकार, चाहिए बीजेपी सरकार।’ भाजपा ने राज्य की ममता बनर्जी सरकार पर भ्रष्टाचार, लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन और विकास में विफलता के आरोप लगाए हैं। प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि 2011 में हुए सत्ता परिवर्तन के बाद किए गए वादे पूरे नहीं हुए और अब जनता वास्तविक बदलाव चाहती है। भाजपा नेतृत्व का दावा है कि 2026 का चुनाव राज्य की दिशा तय करेगा और यह ‘तृणमूल के विसर्जन का चुनाव’ साबित होगा। पार्टी ने तृणमूल, वामपंथी और कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ताओं से भी परिवर्तन यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया है।


