उत्तर प्रदेश

लखनऊ : उड़ान भरने से ठीक पहले रनवे पर रोकी गई फ्लाइट

अमौसी एयरपोर्ट से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट में शनिवार सुबह उस वक्त दहशत का माहौल पैदा हो गया, जब इंजन में तकनीकी गड़बड़ी से विमान को अचानक रोक दिया गया। यात्रियों की जान सांसत में आ गई। विमान को रनवे से वापस लौटाया गया। यात्रियों को दूसरे विमान से दिल्ली रवाना किया गया। वहीं इंजीनियरों की टीम देर तक विमान में गड़बड़ी का पता लगाते रहे।

मामला शनिवार सुबह का है। इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6ई-2111 चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सुबह साढ़े दस बजे के आसपास उड़ान भरकर साढ़े बारह बजे तक दिल्ली पहुंच जाती है। शनिवार सुबह विमान उड़ान के लिए तैयार था। यात्रियों की बोर्डिंग हो चुकी थी। विमान रनवे पर पहुंचा। उसके इंजनों ने रफ्तार पकड़ी शुरू की। उड़ान से पहले इंजन थ्रस्ट लेते हैं, जिससे एक झटके में विमान जमीन छोड़कर हवा में आ जाता है। लेकिन दिल्ली जाने वाली यह उड़ान रनवे से उड़ान ही नहीं भर पाई।

समाजवादी पार्टी से जुड़े गोंडा के सूरज सिंह विमान में सवार थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर मामले को साझा किया। उन्होंने बताया कि वह लखनऊ से दिल्ली जा रहे थे। उन्हें 2बी सीट मिली थी। वह विमान में सवार हुए। विमान के रनवे पर पहुंचने के बाद जब इंजनों को थ्रस्ट नहीं मिला। तकनीकी गड़बड़ी के चलते ऐसा हुआ। लिहाजा इंडिगो के विमान को वापस लौटा लिया गया। लेकिन तेज रफ्तार विमान को अचानक रोक देने से यात्रियों में दहशत पैदा हो गई। यात्रियों को शांत करवाकर दूसरे विमान से दिल्ली भेजा गया। वहीं इंडिगो एयरलाइंस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि रनवे पर विमान आगे नहीं बढ़ पा रहा था, जिसके चलते विमान की जांच करवाई गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button