ये 5 संकेत चीख-चीखकर बताते हैं शरीर में हो गई है Vitamin-B12 की कमी

एक स्वस्थ शरीर में विटामिन्स, मिनरल्स, फैट, फाइबर और प्रोटीन सभी सही मात्रा में मौजूद होते हैं। इनमें से कुछ भी कम हो, तो शरीर का हाल बेहाल होने लगता है। हालांकि, Vitamin-B12 एक ऐसा विटामिन है, जिसकी कमी कई बार लोगों में देखने को मिल जाती है। यह विटामिन हमारे शरीर के कई फंक्शन्स के लिए जरूरी होता है। इसलिए इसकी कमी से शरीर में गंभीर समस्याएं पैदा कर सकती हैं। लेकिन कैसे पता चले कि शरीर में विटामिन-बी12 की कमी हो रही है? आइए जानते हैं 5 ऐसे संकेत (Vitamin B-12 Deficiency Symptoms), जो इस ओर इशारा करते हैं।
थकान और कमजोरी महसूस होना
अगर आपको बिना किसी मेहनत के ही थकान और कमजोरी महसूस होती है, तो यह विटामिन-बी12 की कमी का पहला संकेत हो सकता है। यह विटामिन रेड ब्लड सेल्स बनाने में मदद करता है, जो शरीर में ऑक्सीजन पहुंचाने का काम करती हैं। बी12 की कमी से एनीमिया हो सकता है, जिसमें शरीर में ऑक्सीजन सही मात्रा में नहीं पहुंच पाता है और व्यक्ति हमेशा थका-थका महसूस करता है।
हाथ-पैरों में झनझनाहट या सुन्नपन
विटामिन-बी12 नर्वस सिस्टम को हेल्दी रखने में अहम भूमिका निभाता है। इसकी कमी से नसों को नुकसान पहुंचता है, जिसके कारण हाथ-पैरों में झनझनाहट, सुन्नपन या चुभन जैसा अहसास होता है। इसे “पेरिफेरल न्यूरोपैथी” कहा जाता है। अगर यह समस्या लंबे समय तक बनी रहे, तो यह नर्वस सिस्टम को डैमेज करने लगती है।
याददाश्त कमजोर होना
विटामिन-बी12 की कमी का सीधा असर दिमाग पर पड़ता है। इससे याददाश्त कमजोर हो सकती है, फोकस में कमी आ सकती है और कभी-कभी कन्फ्यूजन भी हो सकता है। कुछ लोगों में इसकी कमी से डिप्रेशन, चिड़चिड़ापन या मूड स्विंग्स भी देखे जाते हैं। लंबे समय तक बी12 की कमी बनी रहे, तो यह डिमेंशिया जैसी गंभीर बीमारी का कारण भी बन सकती है।
त्वचा का पीला पड़ना
विटामिन-बी12 की कमी से शरीर में रेड ब्लड सेल्स ठीक से नहीं बना पाता, जिससे “मेगालोब्लास्टिक एनीमिया” हो सकता है। इस कंडिशन में त्वचा पीली दिखाई देने लगती है, जिसे पीलिया भी कहा जाता है। आंखों का सफेद हिस्सा भी हल्का पीला हो सकता है। यह संकेत बताता है कि शरीर में बी12 की गंभीर कमी हो चुकी है।
जीभ में सूजन या मुंह के छाले
विटामिन-बी12 की कमी से जीभ में सूजन, रेडनेस या चिकनापन आ सकता है, जिसे “ग्लॉसिटिस” कहते हैं। इसके अलावा, मुंह में बार-बार छाले होना भी इसकी कमी का संकेत हो सकता है।
विटामिन-बी12 की कमी को कैसे पूरा करें?
डाइट में शामिल करें- अंडे, दूध, दही, पनीर, मछली (सालमन, टूना), चिकन और रेड मीट में भरपूर मात्रा में बी12 पाया जाता है।
सप्लीमेंट्स- डॉक्टर की सलाह पर विटामिन-बी12 के सप्लीमेंट्स लिए जा सकते हैं।
फोर्टिफाइड फूड्स- शाकाहारी लोग सोया मिल्क, बादाम मिल्क और अनाज जैसे फोर्टिफाइड फूड आइटम्स से भी बी12 हासिल कर सकते हैं।